Blog

97 लाख के सौंदर्यीकरण के बाद सभागार से और संवरेगा मेला मैदान

विधायक निधि से 10 लाख की लागत से सभागार निर्माण शुरू, 30 साल का संघर्ष हुआ पूरा

डोईवाला।

दशहरा मेला एवं क्रीड़ा समिति डोईवाला के करीब 30 वर्षों के प्रयास के बाद दशहरा मेला मैदान में सभागार निर्माण का सपना साकार होने जा रहा है। शुक्रवार को विधायक बृजभूषण गैरोला ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सभागार का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

विधायक गैरोला ने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सभागार बनने से मैदान में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक उपयुक्त मंच मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले तत्कालीन शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यकाल में मेला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 97 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए थे। इससे मैदान को बेहतर स्वरूप मिला है। अब सभागार निर्माण से यहां सुविधाओं का और विस्तार होगा।

समिति सचिव राजेंद्र वर्मा ने कहा कि समिति पिछले तीन दशकों से मैदान के विकास के लिए प्रयासरत थी। अब यह सपना पूरा होने जा रहा है। मैदान में युवाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि सभागार बनने से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर सुविधा मिलेगी और मेला मैदान की उपयोगिता बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!