नशे और अपराध के खिलाफ ऋषिकेश पुलिस की सख्ती, छात्रों ने किया कोतवाल का नागरिक अभिनंदन
नशे के सौदागरों पर शिकंजा, छात्रों ने पुलिस को दिया सम्मान


- ऋषिकेश।
ऋषिकेश में नशे की अवैध बिक्री पर रोक लगाने, ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश कसने और असामाजिक व गुंडा तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर स्थानीय महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। बता दे कि आज छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऋषिकेश कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट का नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान छात्रों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, पुष्प माला पहनाकर तथा श्री केदारनाथ धाम की पवित्र प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं का कहना रहा कि पिछले कुछ समय से ऋषिकेश पुलिस ने जिस प्रकार से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों, ब्लैकमेलरों और क्षेत्र में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा है, उससे क्षेत्र के युवाओं और छात्रों में सुरक्षा का माहौल बना है। अवैध नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस की इस तरह की सख्त और पारदर्शी कार्रवाई से शहर के शैक्षणिक माहौल में सुधार हो रहा है तथा युवाओं को सही दिशा मिल रही है। सम्मान के लिए छात्रों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर को सुरक्षित और अपराध-मुक्त बनाना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि युवाओं और नागरिकों के सहयोग से ऋषिकेश में नशे और गुंडागर्दी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



