कांवड़ यात्रा में यातायात संभालने वाले सिपाही रसविंदर सिंह सम्मानित, एसएसपी ने थपथपाई पीठ


मुनिकीरेती।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था और उत्कृष्ट सेवा देने पर मुनिकीरेती क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाही रसविंदर सिंह को सम्मानित किया गया है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्वेता चौबे ने उन्हें यह प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया है। बता दे कि कांवड़ मेला अवधि के दौरान मुनिकीरेती क्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात व्यवस्था को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। सिपाही रसविंदर सिंह ने अपनी ड्यूटी के प्रति असाधारण निष्ठा, सजगता और धैर्य का परिचय देते हुए जाम की स्थिति पर कुशलतापूर्वक नियंत्रण बनाए रखा। एसएसपी टिहरी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान रसविंदर सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अनुशासित और समर्पित जवानों की बदौलत ही कांवड़ यात्रा जैसे बड़े और संवेदनशील मेलों का सफल एवं सुरक्षित संचालन संभव हो पाता है। इस सम्मान से मुनिकीरेती पुलिस बल में भारी उत्साह है और अन्य कर्मचारियों को भी अपनी ड्यूटी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा मिली है।



