उफनती बीन नदी में पलटी मैक्स, SDRF ने अंधेरे में जान जोखिम में डालकर बचाई 2 जिंदगियां


ऋषिकेश।
चीला मार्ग पर बीन नदी के उफान पर होने के बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता और अदम्य साहस का परिचय देकर बड़े हादसे को टाल दिया। देर रात नदी के तेज बहाव में पलटे एक मैक्स वाहन से एसडीआरएफ के जवानों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि बीन नदी पार करते समय एक मैक्स वाहन नदी के तेज बहाव में पलट गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम उपकरण ले कर घटनास्थल पहुंची। अंधेरे और उफनती नदी की चुनौतियों के बीच जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी के बीच फंसे वाहन के पास बहते पानी में एक व्यक्ति दिखाई दिया। जवानों ने रस्सियों और रेस्क्यू उपकरणों के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर उस व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद वाहन के भीतर फंसे दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू हुई। व्यक्ति गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। एसडीआरएफ
के जवानों ने उफनती नदी की धार को चीरते हुए गाड़ी तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई, कुशल रेस्क्यू तकनीक और साहस की बदौलत दोनों लोगों की जान बचा ली गई है। स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ के इस सफल ऑपरेशन की जमकर सराहना की है। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था ल। इस दौरान उसने उफनती नदी में वाहन को उतार दिया। जिसके बाद यह पूरी घटना घटित हुई।



