Blog

तीन महीने से वेतन नहीं, कर्मचारियों का फूटा गुस्सा; रोडवेज डिपो में उग्र प्रदर्शन, बस संचालन ठप करने की चेतावनी

ऋषिकेश।

उत्तराखंड परिवहन निगम ऋषिकेश डिपो के कर्मचारियों ने पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में कार्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में सभी चार यूनियनों के प्रतिनिधि और कर्मचारी एकजुट नजर आए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री आकाश गुप्ता ने कहा कि विशेष श्रेणी, संविदा, आउटसोर्सिंग, पीआरडी और एजेंसी के कर्मचारियों को पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से मकान का किराया, बच्चों की स्कूल फीस और दूध-राशन का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। रक्षाबंधन का पर्व सिर पर है, लेकिन कर्मचारियों की जेब खाली है। कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके बसों का संचालन कर रहे हैं, लेकिन परिवहन निगम प्रबंधन और अधिकारी उनकी समस्याओं को सुनने तक को तैयार नहीं हैं। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में सांकेतिक रूप से 2 घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू किया गया है। यदि जल्द ही न्यूनतम 2 महीने के बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया और हर महीने की 7 तारीख तक नियमित वेतन देने की व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर डिपो के मुख्य गेट को पूरी तरह से बंद कर बसों का संचालन पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!