सेवा और संस्कारों की शपथ के साथ पुनर्जीवित हुई भारत विकास परिषद की योग नगरी शाखा
शपथ ग्रहण समारोह में नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी, एम्स मरीजों और चारधाम यात्रियों की सेवा का लिया संकल्प


ऋषिकेश।
भारत विकास परिषद की योग नगरी ऋषिकेश शाखा का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को देहरादून रोड स्थित एक होटल में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सेवा, संस्कार, संपर्क और सहयोग के माध्यम से समाजहित में कार्य करने तथा भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रहित को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शाखा के पुनर्गठन के साथ ऋषिकेश में परिषद की सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
समारोह की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी यात्रितानंद गिरी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा और परोपकार के माध्यम से समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने ऋषिकेश शाखा के पुनर्गठन के लिए पूर्व महापौर एवं शाखा की संरक्षक अनीता ममगाईं की सराहना करते हुए कहा कि परिषद की ओर से एम्स ऋषिकेश में आने वाले मरीजों तथा चारधाम यात्रा पर पहुंचने वाले यात्रियों की सेवा के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।
मुख्य वक्ता परिषद की क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने कहा कि परिषद केवल सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, संपर्क, सहयोग और समर्पण के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाला राष्ट्रव्यापी संगठन है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना परिषद का प्रमुख उद्देश्य है।
इनसेट बॉक्स।
नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी
समारोह में पवन शर्मा ने अध्यक्ष, भावेश जोशी एवं अपूर्व भंडारी ने सचिव, आकाश जैन ने संगठन सचिव, अनिता रैना ने महिला संयोजक तथा पंकज शर्मा ने संयोजक संपर्क की जिम्मेदारी संभाली। निमेश शर्मा को पर्यावरण, नितिन राठी को संस्कार और हितेंद्र पवार को सेवा संयोजक बनाया गया। अनीता ममगाईं एवं चंद्रवीर पोखरियाल को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई।
क्षेत्रीय संयोजक संपर्क निशा अग्रवाल ने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल और प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए परिषद की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने का आह्वान किया। एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने परिषद के सेवा कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए ऋषिकेश में सेवा गतिविधियों के लिए भवन की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
इनसेट box।
पुनर्जीवित शाखा से जनसेवा को मिलेगा विस्तार : अनीता ममगाईं
परिषद की संरक्षक एवं नगर निगम ऋषिकेश की प्रथम महापौर अनीता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश जैसे धार्मिक एवं पर्यटन नगर में सामाजिक सेवा की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद की ऋषिकेश शाखा पहले भी सक्रिय थी, लेकिन कुछ वर्षों से इसकी गतिविधियां बंद थीं। अब शाखा को पुनर्जीवित कर सेवा एवं संस्कार के कार्यों को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि परिषद के माध्यम से जरूरतमंदों, यात्रियों और मरीजों तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रभावी योजनाएं तैयार की जाएंगी।
समारोह में भाजपा नेता प्रतीक कालिया, अनिल ध्यानी, अनिकेत गुप्ता, संदीप शास्त्री, विजय बडोनी, अनूप बडोनी, राजेश गौतम, मनीष बनवाल, रमेश अरोड़ा, अजय कालरा, पार्षद संजय ध्यानी, पार्षद आशु डंग, पार्षद राजेश कोटियाल, प्रीति राठी सहित परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत करते हुए जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।



