कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सामाजिक संगठन, जूस व खीर का किया वितरण


ऋषिकेश।
सावन के पावन अवसर पर ऋषिकेश में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने सेवा एवं जनकल्याण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के बीच सेवा कार्य किए। रोटरी क्लब क्लासिक ऋषिकेश की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर विशेष सेवा अभियान चलाया गया। क्लब सदस्यों ने रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर कांवड़ यात्रियों को 200 जूस के पैकेट वितरित किए। भीषण गर्मी और लंबी यात्रा के बीच जूस पाकर कांवड़ यात्रियों ने क्लब के सेवा कार्य की सराहना की।
वहीं, सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऋषिकेश डिवाइन की ओर से मुखर्जी चौक पर खीर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद स्वरूप खीर वितरित कर सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ सदस्य ललित मोहन मिश्र एवं महेश किंगर, अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, सचिव अक्षय चौहान, कोषाध्यक्ष कमल नारंग सहित विनीत चावला, लोकेश अग्रवाल और रजत भोला मौजूद रहे।
रोटरी क्लब क्लासिक के अध्यक्ष संजय सकलानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करना मानवता की सेवा है और क्लब आगे भी ऐसे जनसेवा के कार्य करता रहेगा। सचिव विजय रावत ने कहा कि रोटरी क्लब क्लासिक समय-समय पर जरूरतमंदों की सहायता और समाजसेवा के लिए प्रयासरत रहता है। इस दौरान कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, राकेश अग्रवाल, सौरव वर्मा, सौरभ शर्मा, भूपेंद्र राणा एवं ललित जोशी ने सेवा कार्य में सहभागिता की। लायंस क्लब सदस्यों ने भी समाजसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



