Blog

374 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी सीज

ऑपरेशन प्रहार के तहत घनसाली पुलिस की कार्रवाई, चेकिंग के दौरान स्कूटी की डिग्गी से बरामद हुआ मादक पदार्थ

घनसाली/टिहरी।

नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घनसाली पुलिस ने 374 ग्राम अवैध चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ग्रे रंग की स्कूटी को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को घनसाली थाना पुलिस चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर जंगलात नर्सरी के पास गश्त एवं संदिग्ध वाहन-व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी संख्या यूके 07 डीजी 6987 की डिग्गी से 374 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मोर सिंह पुत्र कौर सिंह, निवासी ग्राम रतोली अनेठी, पोस्ट खण्डोगी, तहसील जाखणीधार, थाना हिंडोलाखाल, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना घनसाली में धारा 8/20/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश बल्लभ, उप निरीक्षक संजीत कुमार, अपर उप निरीक्षक शशिकांत, हेड कांस्टेबल भास्कर नेगी एवं महिला कांस्टेबल शशि दोई शामिल रहे। पुलिस के अनुसार नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!