Blog

शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने को अभिभावकों के साथ बैठक

शिखर स्कॉलर्स एकेडमी में कक्षा नौवीं-10वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर हुई चर्चा

गजा/टिहरी।

शिखर स्कॉलर्स एकेडमी हाईस्कूल गजा में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन को लेकर अभिभावक-शिक्षक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कक्षा नौवीं और 10वीं के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ पढ़ाई, परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर चर्चा की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंवर सिंह खाती ने बताया कि विद्यालय का हाईस्कूल बोर्ड परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा है और विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में भी स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक मिलकर प्रयास करें तो आगामी परीक्षाओं में भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

अभिभावक संघ के अध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने कहा कि बच्चों को घर पर पर्याप्त समय देकर स्नेहपूर्ण वातावरण में पढ़ाई के लिए प्रेरित करना अभिभावकों की जिम्मेदारी है। प्रत्येक मासिक परीक्षा के बाद अभिभावकों को बच्चों की प्रगति का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि घर, समाज और आसपास का वातावरण विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रभाव डालता है, इसलिए कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

बैठक में शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, नियमित होमवर्क, कक्षा के अनुसार अध्ययन सामग्री, घर पर टाइम टेबल बनाने, स्वच्छता और पढ़ाई के लिए निश्चित समय निर्धारित करने सहित कई सुझाव दिए। अभिभावकों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए। इस दौरान प्रदीप कैंतुरा, प्रदीप सिंह, मनोज जुयाल, ज्योति उनियाल, ललित डोभाल, नीनू खाती और जयपाल पयाल सहित शिक्षक मौजूद रहे। उप प्रधानाचार्य ललित सेमवाल ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!