यातायात नियम तोड़ने पर 264 वाहन चालकों के चालान
टिहरी में सघन चेकिंग अभियान, 1.14 लाख रुपये संयोजन शुल्क वसूला


नई टिहरी।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टिहरी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में 31 अगस्त को जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 264 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और कुल 1,14,400 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। इनमें 61 चालान न्यायालय भेजे गए, जबकि पांच वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस अधिकारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। तेज गति, लापरवाही, नशे में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर वाहन चालक स्वयं के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।



