Blog
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर नाबालिग को बिजनौर से किया सकुशल बरामद
बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार, उत्तराखंड-यूपी के सैकड़ों कैमरों की फुटेज खंगाली


कोटद्वार।
नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बिजनौर के नगीना से सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को कोटद्वार निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस एवं सीआईयू टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस, पतारसी और सुरागरसी शुरू की।
जांच में नाबालिग एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी, लेकिन बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं था और दोनों के चेहरे ढके हुए थे। इसके बावजूद पुलिस टीम ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और नाबालिग को आजाद कॉलोनी, नगीना, बिजनौर से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में रोहित पुत्र वीरेंद्र उर्फ बिंदा, निवासी ग्राम ढकिया, थाना नगीना देहात, बिजनौर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



