रायवाला में रफ्तार का कहर: डंपर ने 18 वर्षीय छात्र को कुचला, एम्स पहुंचते ही मौत


रायवाला।
ऋषिकेश के निकट रायवाला कोतवाली क्षेत्र में देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे एक बार फिर खून से लाल हुआ है। छिद्दरवाला में रफ्तार का कहर ऐसा बरपा कि एक पल में हंसता खेलता परिवार तबाह हो गया। सर्विस रोड पर बेकाबू होकर दौड़ रहे एक डंपर ने स्कूटी सवार 18 वर्षीय होनहार छात्र अनिकेत को बेरहमी से कुचल दिया। खून से लथपथ हालत में जब तक उसे ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया, तब तक उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसआई जगदम्बा प्रसाद ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। अनिकेत उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीसीए सेकेंड ईयर का छात्र था। उसके पिता जल संस्थान में कार्यरत हैं। जिनका हाल ही में कोटद्वार से देहरादून तबादला हुआ था। पूरा परिवार नई उम्मीदों के साथ देहरादून के इंदिरानगर स्थित जल निगम कॉलोनी में शिफ्ट हो रहा था। घर का सामान गाड़ी से जा रहा था और अनिकेत अपनी स्कूटी लेकर दून के लिए निकला था, लेकिन किसे पता था कि मंजिल पर पहुंचने से पहले ही काल उसका रास्ता रोक लेगा। जवान बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



