थानों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर उठे सवाल
दीवारों पर उगी घास, एएनएम कक्ष में सीलन व गिरता प्लास्टर; उच्चीकरण और मरम्मत की मांग


थानों।
दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र थानों न्याय पंचायत के अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों बदहाली का शिकार है। अस्पताल भवन की दीवारों पर बड़ी-बड़ी घास उगने के साथ परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। पानी के कूलर के आसपास भी गंदगी और घास जमा होने से स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह केंद्र आसपास की कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बताया कि एएनएम कक्ष और टीकाकरण केंद्र की स्थिति भी चिंताजनक है। भवन की दीवारों में सीलन व दरारें दिखाई दे रही हैं, जबकि कई स्थानों पर छत का प्लास्टर गिर रहा है। ऐसे में बच्चों के टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों का संचालन सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर विषय है। उन्होंने भवन की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराने के साथ नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है।
आदर्श राठौर ने कहा कि थानों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से उच्च अधिकारियों की टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने, भवन की स्थिति की जांच और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। साथ ही उच्चीकरण की प्रक्रिया शीघ्र आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अनावश्यक रूप से देहरादून या अन्य बड़े अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र को मजबूत करना जरूरी है।



