पेट्रोल पंप पर सजेगा पहाड़ का हुनर, महिला उत्पादों को मिलेगा बाजार


डोईवाला।
ग्रामीण महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में शुक्रवार को माजरी ग्रांट स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप परिसर में हिलांस रिटेल स्टोर शुरू किया गया। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत स्थापित स्टोर का शुभारंभ ग्राम्य विकास विभाग के उपायुक्त (परियोजना) आरसी तिवारी ने किया। सफलता क्लस्टर स्तरीय फेडरेशन और आईओसीएल के बीच हुए समझौते के तहत खुले स्टोर में महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। पेट्रोल पंप परिसर में स्टोर खुलने से स्थानीय उत्पादों को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
आरसी तिवारी ने कहा कि आईओसीएल के साथ साझेदारी से ग्रामीण उत्पादों को नियमित बाजार मिलेगा, जिससे महिला समूहों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण उद्यमियों को उत्पादन के साथ बाजार, ब्रांडिंग और विपणन से जोड़ना जरूरी है। जिला परियोजना प्रबंधक अशोक चतुर्वेदी ने बताया कि ग्रामोत्थान परियोजना के तहत महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग के साथ बाजार के अनुरूप तैयार कराया जा रहा है। हिलांस स्टोर महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थायी मंच उपलब्ध कराएगा और इससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान सहायक परियोजना निदेशक अनिता पंवार, आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक राजीव श्रेष्ठ, राज्य रिटेल प्रमुख संजय सेमवाल, महाप्रबंधक हरि अनुपम और सफलता सीएलएफ अध्यक्ष आरती पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।



