Blog

नंदा जात यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एसपी चमोली ने चेपड़ो में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को किया ब्रीफ, दुर्गम मार्गों पर सतर्कता बरतने के निर्देश

चमोली।

मां नंदा जात यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो में यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर अधिकारियों और जवानों को मौसम तथा यात्रा मार्ग की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पांच सितंबर से शुरू हुई यात्रा में चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच श्रद्धालुओं के साथ चलकर सुरक्षित आवागमन में सहयोग कर रहे हैं।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए थराली क्षेत्र को एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा गया है। यहां अपर पुलिस अधीक्षक समेत तीन पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक, 128 पुलिसकर्मी, 14 महिला कांस्टेबल और यातायात पुलिस के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आईआरबी की दो प्लाटून, एसडीआरएफ की तीन टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार की टीमें भी तैनात हैं। एसपी ने कहा कि बारिश और फिसलन के बीच कई स्थानों पर रास्ते बेहद कठिन हैं, ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि यात्रा में शामिल लोग सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, सीओ राजेश शाह, सीओ सुशील रावत, एसडीओ जुगल किशोर, तहसीलदार थराली अक्षय पंकज, प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!