मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में प्रियांशु ने बढ़ाया टिहरी का गौरव
प्रदेश के टॉप-8 विद्यार्थियों में बनाई जगह, मुख्यमंत्री ने टैबलेट व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित


नरेन्द्रनगर।
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज खांकर, नरेन्द्रनगर के कक्षा 11वीं के छात्र प्रियांशु सजवाण ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-8 विद्यार्थियों में स्थान बनाकर टिहरी जनपद का गौरव बढ़ाया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड—एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रियांशु ने तकनीकी एवं सुशासन विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। प्रदेशभर से चयनित 140 प्रतिभागियों में से अंतिम चरण के लिए चुने गए आठ विद्यार्थियों में प्रियांशु ने जगह बनाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें टैबलेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को समूहों में विभाजित कर शासन के वरिष्ठ सचिवों के मार्गदर्शन में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कराई गई। इस दौरान प्रियांशु ने तकनीकी एवं सुशासन के क्षेत्र में अपने विचार प्रस्तुत किए। उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेन्द्रनगर कमला बड़वाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) वी.पी. सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों और विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रियांशु की उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे टिहरी जनपद में खुशी का माहौल है।



