तिरंगे संग डोईवाला में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब
बालाजी फार्म से खंड विकास कार्यालय तक निकली तिरंगा रैली, जयघोष से गूंजा नगर


डोईवाला।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भाजपा जिला ऋषिकेश की ओर से मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। बालाजी फार्म से शुरू हुई रैली केशवपुरी, राजीव नगर, मिल बाजार, मिल रोड और चौक बाजार होते हुए खंड विकास कार्यालय पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष लगाए। रैली का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने किया।
रैली में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल रहे। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जबकि प्रेमचंद अग्रवाल ने इसे प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान से जुड़ा बताया। राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना है।
रैली में सुभाष बर्थवाल, ममता नयाल, संजय ठाकुर, डॉ. सुमेर चंद रवि, पंकज शर्मा, रश्मि देवी, अमित कुमार, जसविंदर सिंह डाली, प्रकाश कोठारी, मनोज ध्यानी, पूनम तोमर, कृष्णा तड़ियाल, वंदना स्वामी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नागरिक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।



