मरीजों को सुरक्षित इलाज और देखभाल के प्रति किया जागरूक
विश्व रोगी सुरक्षा दिवस पर गैर-संचारी रोगों से बचाव, उपचार और निरंतर देखभाल की दी जानकारी


डोईवाला।
विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट में नर्सिंग विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘गैर-संचारी रोगों के लिए सुरक्षित देखभाल’ के तहत मरीजों और तीमारदारों को सुरक्षित इलाज, रोगों से बचाव और बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नर्सिंग अधीक्षक रीना हबील सिंह ने मरीजों के पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और उपचार के दौरान सही देखभाल के महत्व की जानकारी दी। उप नर्सिंग अधीक्षक जैबुन्निसा ने गैर-संचारी रोगों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए समय पर उपचार के साथ निरंतर और सुरक्षित देखभाल की आवश्यकता बताई। संक्रमण नियंत्रण एवं क्वालिटी नर्स टीम ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय व श्वसन संबंधी रोगों तथा रक्त आधान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
जागरूकता चार्ट के माध्यम से सावधानियों और सुरक्षित देखभाल के तरीकों को सरल भाषा में समझाया गया। मरीजों व परिजनों ने स्वास्थ्य संबंधी सवाल पूछे, जिनका नर्सिंग टीम ने समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन क्वालिटी नर्स कविता नौटियाल और संक्रमण नियंत्रण नर्स उषा नेगी ने किया। इस अवसर पर अर्चना डिमरी, रविंदर, नीति, महिमा, तृष्णा सरकार, सुनीता कुमार और सोलोमन थपलियाल ने भी जानकारी साझा की।



