नागालैंड नंबर की लग्जरी बस में ‘खेल’! 32 की जगह मिले 50 स्लीपर, 16 अतिरिक्त सवारियां


ऋषिकेश।
ऋषिकेश क्षेत्र में अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऋषिकेश प्रवर्तन दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों की धज्जियां उड़ाकर दौड़ रही नागालैंड नंबर की एक लग्जरी बस को सीज कर दिया है। चेकिंग के दौरान जब प्रवर्तन दल ने बस को रोककर जांच की, तो वाहन में गंभीर अनियमितताएं और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन पाया गया। कागजों के अनुसार यह बस 9 सीट और 32 स्लीपर श्रेणी में पास है, लेकिन मौके पर जांच में बस में अवैध रूप से 50 स्लीपर लगे मिले। इसके अलावा बस में क्षमता से अधिक 16 अतिरिक्त सवारियां बैठी पाई गईं। ARTO प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति करते हुए बस को तत्काल प्रभाव से कार्यालय परिसर में सीज कर दिया गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि अवैध संचालन और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



