धमादा भवन में दिनदहाड़े 40-50 लाख के आभूषण चोरी
मुख्य गेट से अलमारी तक के ताले तोड़कर वारदात, पुलिस और एसओजी ने मौके से जुटाए साक्ष्य


नरेंद्रनगर।
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के वार्ड संख्या-2 वंदे मातरम् के समीप रेडक्रॉस स्कूल के पास स्थित धमादा भवन में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी से सनसनी फैल गई। चोर मुख्य गेट और भवन के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 40 से 50 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भवन स्वामी राजपाल धमादा के अनुसार वह सुबह अपनी दुकान पर चले गए थे, जबकि करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी ग्राम छतेड़ी में कीर्तन समारोह में शामिल होने चली गईं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर भवन के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी और उसके भीतर लगे छोटे लॉक को तोड़कर नथ, मांगटीका, हार, झुमकी, सोने की अंगूठियां, तीन जोड़ी कुंडल और तीन मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। परिजनों ने इनकी अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये बताई है।
घटना की जानकारी राजपाल धमादा के पुत्र गौरव धमादा ने 112 पर दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देवरा शर्मा, एसएसआई सतेंद्र भंडारी, पुलिसकर्मी सतेंद्र नेगी, अमीर खान तथा एसओजी प्रभारी विकास सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। बताया गया कि चोरी का पता स्थानीय लोगों द्वारा बंदरों के झुंड को भवन के अंदर घुसते देखने के बाद चला। चोर मुख्य गेट खुला छोड़ गया था, जिसके बाद बंदरों ने रसोई समेत घर के अन्य सामान को बिखेर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति परिवार की दिनचर्या से परिचित हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।



