आईडीपीएल वीरभद्र में पेयजल संकट, महापौर से मिले प्रकान्त कुमार
टंकी खराब होने से तीन दिन पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका, टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह


ऋषिकेश।
आईडीपीएल वीरभद्र क्षेत्र में पानी की टंकी खराब होने के कारण अगले तीन दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी के बाद स्थानीय निवासियों की समस्या को लेकर प्रकान्त कुमार क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान से मिले। उन्होंने महापौर से टंकी की मरम्मत होने तक क्षेत्र में नियमित रूप से पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि लोगों को पेयजल के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
प्रकान्त कुमार ने कहा कि गर्मी और पेयजल की जरूरत के बीच यदि लगातार तीन दिन आपूर्ति प्रभावित रहती है तो क्षेत्र के परिवारों, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में टंकी की मरम्मत होने तक वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने नगर निगम से टैंकरों के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराने की मांग की।
महापौर शंभू पासवान ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आज शाम अथवा शुक्रवार सुबह से क्षेत्र में पानी के टैंकर पहुंचने शुरू हो जाएंगे। स्थानीय निवासियों ने संकट के समय त्वरित संज्ञान लेने और टैंकर उपलब्ध कराने के आश्वासन पर महापौर का आभार जताया। इस दौरान एडवोकेट तनुज सिंह, एडवोकेट राजेश मोहन, राजकमल सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।



