छात्रों की आवाज उठाने पर कांग्रेस नेताओं पर केस दर्ज करने के विरोध में पुतला दहन
श्यामपुर में कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश


ऋषिकेश।
छात्रों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज उठाने पर उत्तराखंड कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला एवं जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर चौकी तिराहे पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुकदमे को लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया।
कार्यक्रम ग्राम प्रधान रायवाला गोकुल रमोला एवं श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजयपाल पंवार के तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को उठाना जनप्रतिनिधि और राजनीतिक संगठनों का लोकतांत्रिक दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विपक्ष की आवाज दबाने को मुकदमों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश सफल नहीं होगी और छात्रों व आम जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना और जनता की समस्याएं उठाना अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज उठाने के कारण कांग्रेस नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं तो कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
पुतला दहन में अभिषेक मलिक, सिंहराज पोशवाल, ऋषि शिंगल, सचवीर भंडारी, विशाल भारती, सोहन लाल तोड़ी, धर्मेंद्र गुलियाल, मयंक पाल, विजयपाल पंवार, सुभाष झखमोला, रजनीकांत, गंभीर गुलियाल, अखिल गुलियाल, प्रशांत शर्मा, दिनेश सिंह पंवार और अनिल रतौड़ी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



