प्रतिभाओं की हौसला-अफजाई, 24 छात्र-छात्राओं को मिले चेक
सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी ने शिक्षा व खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दी ₹24 हजार की प्रोत्साहन राशि


ऋषिकेश।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे 24 छात्र-छात्राओं को सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी की ओर से ₹1,000-₹1,000 की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। सोसाइटी अध्यक्ष दिवाकर भानु प्रताप सिंह रावत (डी.बी.पी.एस. रावत) ने प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बच्चों को समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋषिकेश ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने के लिए समाज का सहयोग मिलना जरूरी है। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे विद्यार्थी भविष्य में अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
डी.बी.पी.एस. रावत ने कहा कि सूर्यकिरण वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को लगातार प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता भले ही छोटी हो, लेकिन इससे प्रतिभाओं के भीतर पैदा होने वाला आत्मविश्वास बहुत बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और समाज के क्षेत्र में परिवर्तन के लिए कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए तीन लोग सम्मानित
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षक, साहित्यकार एवं समाजसेवी नरेन्द्र खुराना, शिक्षक शिवेंद्र ध्यानी और रंजन अन्थवाल को मुख्य अतिथि सुधीर राय एवं डी.बी.पी.एस. रावत ने माल्यार्पण कर सम्मानित किया। नरेन्द्र खुराना को 120 से अधिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम का संचालन भी नरेन्द्र खुराना ने किया।



