एचपीवी टीका, मासिक धर्म स्वच्छता और दूषित जल से होने वाली बीमारियों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक


सुरखेत।
पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं टीकाकरण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीके तथा बरसात के मौसम में दूषित जल से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने एचपीवी टीके की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह मानव पेपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाव में सहायक है और सर्वाइकल कैंसर सहित कुछ गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करता है। आयुष्मान केंद्र धरासू की एएनएम ज्योति ने बताया कि 9 से 15 वर्ष की आयु में एचपीवी टीकाकरण अधिक प्रभावी माना जाता है। इस दौरान आशा सुपरवाइजर पूर्णिमा सुंदरियाल ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं सैनिटरी नैपकिन के नियमित उपयोग की जानकारी दी।
ग्राम पंचायत धरासू की आशा कार्यकर्ता मंजू नेगी ने दूषित जल से होने वाले हैजा, टाइफाइड, पेचिश, डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। आशा कार्यकर्ता सुलेखा देवी ने छात्राओं को हाथ धोने की सही विधि समझाई और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।



