मंत्री-विधायक का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा राहत से ज्यादा चुनावी दौरा : रमोला


ऋषिकेश।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेन्द्र रमोला ने आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के ऋषिकेश विधानसभा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से बरसात के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों को बाढ़ की समस्या से जूझना पड़ रहा है, लेकिन सरकार की करोड़ों रुपये की योजनाओं का अपेक्षित असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
रमोला ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक लंबे समय से विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने के साथ मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। इसके बावजूद हर वर्ष बरसात से पहले बाढ़ से बचाव को लेकर बैठकें और दावे किए जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ आने के बाद मंत्री, विधायक और भाजपा नेताओं का प्रभावित क्षेत्रों में दौरा फोटो और वीडियो तक सीमित रह जाता है, जबकि प्रभावित लोगों को वास्तविक राहत और स्थायी समाधान की जरूरत है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आपदा प्रबंधन मंत्री का दौरा यदि वास्तव में राहत और बचाव के लिए है तो सरकार को प्रभावित क्षेत्रों के लिए ठोस कार्ययोजना और समयबद्ध समाधान सामने रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव को देखते हुए यह दौरा अधिक राजनीतिक और प्रचारात्मक नजर आ रहा है। रमोला ने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि बाढ़ की समस्या से स्थायी निजात और धरातल पर काम चाहती है।



