Blog

अवैध निर्माण पर एमडीडीए की तीसरी कार्रवाई, बहुमंजिला भवन फिर सील

ऋषिकेश।

मानचित्र एवं निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामले में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मनीराम मार्ग स्थित गली नंबर-10 में सरला अग्रवाल एवं रेनू गोयल के निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तीसरी बार सील कर दिया। प्राधिकरण की संयुक्त सचिव के पत्र संख्या 0429/प्रकरण संख्या आर-0238/2025, दिनांक 17 अगस्त 2026 के क्रम में मंगलवार को प्राधिकरण की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए भवन परिसर को सील कर दिया।

बताया गया कि उक्त भवन को इससे पूर्व भी दो बार सील किया जा चुका है। अंतिम बार 9 मार्च को भवन को सील किया गया था, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत एवं प्रकरण के चलते प्राधिकरण ने पुनः कार्रवाई की। मौके पर निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण की टीम ने निर्माण कार्य को रुकवाते हुए भवन को सील किया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, अवर अभियंता जयदीप, सुपरवाइजर बृंदा खंडूरी एवं शैलेंद्र शाह समेत पुलिस बल मौजूद रहा।

एमडीडीए की इस कार्रवाई से अवैध एवं स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि बिना आवश्यक अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण से शहरी नियोजन, यातायात, सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!