राज्य आंदोलनकारियों ने अटल बिहारी वाजपेयी और भोला सिंह खरोला को दी श्रद्धांजलि
बैठक में राज्य निर्माण के योगदान को याद कर नई पीढ़ी तक इतिहास पहुंचाने का लिया संकल्प


ऋषिकेश।
उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानियों की आवश्यक बैठक आईएसबीटी परिसर स्थित शहीद स्मारक भवन में आयोजित हुई। बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में वाजपेयी का महत्वपूर्ण योगदान रहा और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय भोला सिंह खरोला को उनकी 26वीं पुण्यतिथि पर भी श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन में खरोला ने अग्रिम पंक्ति में रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऋषिकेश में चारधाम व्यवस्था और यातायात कंपनियों में भी उन्होंने वर्षों तक सेवाएं दीं।
बैठक में संकल्प लिया गया कि राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सेनानियों के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और आने वाली पीढ़ी को भी उनके संघर्ष एवं इतिहास से अवगत कराया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता डीएस गुसाईं ने की और संचालन गंभीर मेवाड़ ने किया। इस अवसर पर बलवीर सिंह नेगी, चंदन सिंह पंवार, इरुक्कम सिंह पोखरियाल, युद्धवीर चौहान, बृजेश डोभाल, राजेंद्र कोठारी सहित अन्य मौजूद रहे।



