Blog

बंदरों के आतंक से परेशान शास्त्री नगरवासी, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, बंदरों को पकड़ने के साथ स्थायी समाधान की मांग

ऋषिकेश।

शास्त्री नगर क्षेत्र में बढ़ते बंदरों के आतंक से परेशान स्थानीय लोगों ने प्रभागीय वनाधिकारी को रेंजर जीएस धमांदा के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बंदर विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं। ज्ञापन में एक महिला के बंदर के हमले में घायल होने का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। बच्चों के स्कूल आने-जाने और बुजुर्गों के आवागमन को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई।

ज्ञापन के माध्यम से वन विभाग से शास्त्री नगर क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए आवश्यक संख्या में पिंजरे लगाने, प्रशिक्षित दल के माध्यम से अभियान चलाने, पकड़े गए बंदरों का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण करने तथा बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के उपाय करने की मांग की गई। साथ ही बंदरों को भोजन उपलब्ध कराने और आबादी वाले क्षेत्रों में आकर्षित करने वाले कारणों की जांच कर जागरूकता एवं रोकथाम की कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों ने कहा कि बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने वन विभाग से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाने की मांग की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!