कांवड़ यात्रा पर एसपी जया बलूनी का सख्त एक्शन, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा ।


ऋषिकेश।
कांवड़ यात्रा के बीच एसपी ऋषिकेश जया बलूनी ने कांवड़ मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण पड़ावों और गंगा घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने यात्रा मार्ग के सबसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण पड़ावों आईडीपीएल पार्किंग, नटराज चौक, विस्थापित पार्किंग तथा प्रमुख गंगा घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सीधी बातचीत की और मेले के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के सख्त निर्देश दिए। एसपी ऋषिकेश ने स्पष्ट किया कि कांवड़ श्रद्धालुओं की आवाजाही केवल पूर्व में निर्धारित मार्गों से ही होगी। किसी भी स्थिति में रूट डायवर्जन के नियमों का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल चिन्हित पार्किंग स्थलों में ही पार्क कराया जाए। मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि 7 अगस्त से डाक कावड़ भी तेजी से चलेगी। इसलिए व्यवस्थों पर नजर रखी जा रही है।



