बारिश के बीच एसएसपी श्वेता चौबे ने संभाला कांवड़ यात्रा मोर्चा
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का बढ़ाया हौसला, रेनकोट व छाते वितरित कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा


मुनिकीरेती।
लगातार हो रही बारिश के बावजूद कांवड़ मेला-2026 में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टिहरी पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को कांवड़ यात्रा क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भद्रकाली, खाराश्रोत, ब्रह्मानंद तिराहा और पीडब्ल्यूडी तिराहा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण ड्यूटी प्वाइंटों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना टिहरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान लगातार बारिश में ड्यूटी निभा रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी ने उन्हें रेनकोट और छाते वितरित किए। उन्होंने पुलिस बल की सेवा भावना, धैर्य और समर्पण की सराहना करते हुए सभी कर्मियों को अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी पुलिस 24 घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और बेहतर पुलिस सेवा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।



