सीबीएसई में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर निर्मल आश्रम ज्ञानदान अकादमी के तीन विद्यार्थी गोल्ड मेडल से सम्मानित
97.6 प्रतिशत अंक के साथ आराध्य थपलियाल रहे विद्यालय के टॉपर, नैतिक डबराल व पीयूष झा भी हुए सम्मानित


ऋषिकेश।
निर्मल आश्रम ज्ञानदान अकादमी के तीन मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 10 सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन, नई दिल्ली की ओर से गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मानित विद्यार्थियों में आराध्य थपलियाल ने 97.6 प्रतिशत, नैतिक डबराल ने 97.4 प्रतिशत तथा पीयूष झा ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय समन्वयक सोहन सिंह कैन्तूरा ने बताया कि फाउंडेशन ने बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के तीन टॉपर्स के नाम आमंत्रित किए थे। विद्यालय की ओर से नाम भेजे जाने के बाद फाउंडेशन ने तीनों विद्यार्थियों के लिए गोल्ड मेडल भेजे, जिन्हें समारोह में प्रदान किया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी है। इस प्रकार के सम्मान विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान की ऐसी पहलें उन्हें आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने तीनों मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



