Blog

49 लाख से अधिक शिवभक्तों ने किए नीलकंठ महादेव के दर्शन

कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में, 11 अगस्त को दोपहर तक तीन लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक; सुरक्षा और व्यवस्था में मुस्तैद रही पौड़ी पुलिस

नीलकंठ।

सावन मास में आयोजित प्रसिद्ध श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आस्था के इस विराट महापर्व में अब तक 49 लाख से अधिक शिवभक्त श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं जलाभिषेक कर चुके हैं। यात्रा के अंतिम दौर में भी श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है। मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक ही करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक एवं दर्शन किए।

विशाल संख्या में पहुंच रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ डटी हुई है। यात्रा के शुरुआती दौर से ही पुलिस अधिकारी और जवान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सहायता में लगातार जुटे हुए हैं।

अत्यधिक भीड़ और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं। पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के साथ ही भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा निर्बाध रूप से आगे बढ़ती रहे।

यात्रा समापन की ओर बढ़ने के साथ पौड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत कर दी है। आस्था के इस महापर्व में पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित रूप से नीलकंठ महादेव के दर्शन एवं जलाभिषेक कर अपने गंतव्य की ओर लौट सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!