खड़गे की सभा में रोक-टोक और गंगाजल से मंच धुलवाने के आरोप पर कांग्रेस का हल्लाबोल, भाजपा सरकार का पुतला फूंका


ऋषिकेश।
उत्तराखंड में विपक्षी दलों की आवाज दबाने और सरकारी तंत्र के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन के सामने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और देश में लोकतांत्रिक अधिकारों एवं राजनीतिक स्वतंत्रता की सुरक्षा की मांग की। प्रदर्शन की अगुआई कर रहे जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि बीते 8 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी जनसभा में जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस-प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोककर परेशान किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह केवल एक कार्यक्रम का विषय नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार की उस मंशा का प्रतीक है, जिसके तहत विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी मशीनरी का अनैतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दलित समुदाय से आने के कारण, कार्यक्रम संपन्न होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गंगाजल से मंच की सफाई कराई गई। कांग्रेस ने इसे भाजपा की दलित विरोधी सोच का परिचायक बताते हुए इसका कड़ा विरोध दर्ज कराया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह और महंत विनय सारस्वत ने कहा कि देश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ताओं को डराकर या रोककर उनके मनोबल को नहीं तोड़ा जा सकता। लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी गतिविधियां संचालित करने का समान अधिकार है।



