देशभक्ति के रंग में रंगा गजा और पोखरी बाजार, निकली तिरंगा यात्रा
‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश, राष्ट्र की एकता और अखंडता का लिया संकल्प


गजा/टिहरी ।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत गजा और पोखरी बाजार में तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के नारों से गूंजती तिरंगा बाइक रैली नगर पंचायत गजा कार्यालय से शुरू होकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान स्मारक तक पहुंची। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान के नेतृत्व में चारों वार्डों एवं बाजार के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और नगर पंचायत कर्मचारी शामिल हुए।
समापन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हर घर में तिरंगा फहराना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत करती है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में सभासद भगवान सिंह चौहान, रंजना चौहान, प्रियंका चौहान, राजेंद्र सिंह, रमेश चंद्र नयाल, गजेंद्र सिंह चौहान, पूरण सिंह, शैलेंद्र चौहान, दिनेश सिंह खाती, दिनेश नेगी सहित नगर पंचायत कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शामिल रहे। वहीं पोखरी-क्वीली बाजार में जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यात्रा में पूर्व प्रधान विनोद सिंह, दिनेश बिजल्वाण, व्यापार सभा सचिव मदन बिजल्वाण, नरेंद्र तड़ियाल, मोर सिंह असवाल, एसके थपलियाल, बलवीर सिंह, नवीन पुंडीर, ज्ञान सिंह, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



