Blog

संस्कृत शोभायात्रा में दिलाई नशामुक्ति की शपथ

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने विद्यार्थियों से किया संवाद, नशे के दुष्प्रभावों से बचने का किया आह्वान

ऋषिकेश।

नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से ऋषिकेश में आयोजित संस्कृत शोभायात्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने संस्कृत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने साथियों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

शोभायात्रा में मौजूद संस्कृत विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संस्कारों की वाहक है। संस्कृत शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और युवा पीढ़ी को गलत आदतों से बचाने में आगे आना चाहिए। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं, जयेंद्र रमोला, संजय शास्त्री, केशव स्वरूप ब्रह्मचारी, गोपालाचार्य महाराज सहित विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!