कृष्ण उत्सव मैराथन में 450 बच्चों ने लगाई दौड़
स्वच्छ गंगा-स्वच्छ ऋषिकेश का दिया संदेश, 3 सितंबर को विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार


ऋषिकेश।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2026 के उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम की ओर से ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश-मुनिकीरेती-ढालवाला’ अभियान के तहत मधुबन कृष्ण उत्सव मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें बालक एवं बालिका वर्ग के करीब 450 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मैराथन का शुभारंभ ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, समाजसेवी कमल सिंह राणा, आश्रम महासचिव राजीव कालरा, ज्योति शर्मा, अशोक नेगी एवं ब्लू राइडर साइकिल संगठन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन मधुबन आश्रम से देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी और 14 बीघा पुल होते हुए वापस आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई।
आश्रम अध्यक्ष परमानंद दास महाराज ने प्रतिभागी बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें भगवद्गीता भेंट की और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भावना अपनाने का संदेश दिया। मैराथन के बाद सभी प्रतिभागियों को जलपान, जूस और फल वितरित किए गए। आयोजन में स्वयंसेवकों के साथ श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि 3 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दोनों वर्गों में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम पुरस्कार ₹5100, द्वितीय ₹3100, तृतीय ₹2100 तथा चतुर्थ और पंचम पुरस्कार ₹1100-₹1100 रहेगा। कृष्ण जन्मोत्सव के तहत पेंटिंग, क्विज और श्लोक प्रतियोगिताओं के साथ 3 सितंबर को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं होंगी। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव और 5 सितंबर को नंद उत्सव मनाया जाएगा।



