Blog

डोईवाला के विकास को लेकर सीएम धामी से मिले विधायक गैरोला

पेयजल, सड़क-बिजली और तटबंध निर्माण के मुद्दे उठाए; रानीपोखरी में विधि विश्वविद्यालय को लेकर मुख्य सचिव से भी की चर्चा

डोईवाला।
विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विधायक बृजभूषण गैरोला ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। विधायक ने क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान और लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने पेयजल, सड़क और बिजली की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
विधायक गैरोला ने सुसवा, सॉन्ग और जाखन नदियों पर तटबंध निर्माण की आवश्यकता पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और कटाव के कारण नदी किनारे बसे क्षेत्रों में नुकसान का खतरा बना रहता है। तटबंध बनने से आबादी के साथ-साथ कृषि भूमि को भी सुरक्षा मिल सकेगी। विधायक ने क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
विधायक ने रानीपोखरी में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना का मुद्दा भी उठाया। इस संबंध में उन्होंने मुख्य सचिव से भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विधि विश्वविद्यालय स्थापित होने से युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और डोईवाला क्षेत्र के शैक्षिक विकास को नई दिशा मिलेगी। विधायक के अनुसार मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से जुड़े जनहित के विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। गैरोला ने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित विकास कार्यों को जल्द गति मिलने से क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!