लच्छीवाला स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर की उठी मांग
तेज रफ्तार वाहनों से बच्चों की सुरक्षा को खतरा, मोहित उनियाल ने पीडब्ल्यूडी से तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की


डोईवाला।
लच्छीवाला राजकीय प्राथमिक विद्यालय के सामने राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर विद्यालय के दोनों ओर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सामने यातायात की गति नियंत्रित नहीं होने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
ज्ञापन में विद्यालय के आसपास रम्बल स्ट्रिप, ‘स्कूल जोन’ एवं सावधानी संकेतक बोर्ड लगाने के साथ वाहनों की गति नियंत्रित करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की गई। मोहित उनियाल ने कहा कि सुबह विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय सड़क पर बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए इन समयों में यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।
मोहित उनियाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय पहले से ही आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान अमित सैनी, तेजपाल सिंह मोंटी, नंदन नेगी और हर्षित उनियाल आदि मौजूद रहे।



