सुरकंडा जूनियर हाई स्कूल में धूमधाम से मनाया गया हिमालय दिवस
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, निबंध प्रतियोगिता में आर्यन रहे प्रथम


गजा/टिहरी ।
उत्तरांचल उत्थान परिषद देहरादून एवं हितायु लोक कल्याण समिति नागणी के संयुक्त तत्वावधान में मां सुरकंडा जूनियर हाई स्कूल नागणी में हिमालय दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीज बचाओ आंदोलन के प्रणेता एवं पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित विजय जरधारी तथा दिवाकर पैन्यूली ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
विजय जरधारी ने कहा कि हिमालय संरक्षण के लिए स्वच्छता, जल स्रोतों की सुरक्षा और पौधरोपण जरूरी है। उन्होंने गीले-सूखे कूड़े का उचित निस्तारण करने और जंगलों में कूड़ा न फेंकने की अपील की। निबंध प्रतियोगिता में आर्यन प्रथम, शिवानी द्वितीय और आरब तृतीय रहे।
कार्यक्रम में विनोद जरधारी, प्रधानाध्यापक आरएल बहुगुणा, नरेश चंद्र बहुगुणा, अंजलि तिवारी सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। शिखर स्कॉलर्स एकेडमी गजा एवं राजकीय जूनियर हाई स्कूल पेंद्रास में भी हिमालय दिवस पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई। वक्ताओं ने कहा कि हिमालय बचेगा तो जीवन बचेगा।



