सिंचाई नहर पर कब्जे की कोशिश का आरोप, ग्रामीणों ने रुकवाया काम
रोक के निर्देश के बावजूद 50 फीट हिस्से में लोहे के पल्ले लगाने का आरोप


डोईवाला।
माजरी ग्रांट के खादर मोहल्ला, वार्ड-13 में सिंचाई नहर पर कथित अतिक्रमण की कोशिश को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेमचंद पुत्र साधुराम द्वारा जल योजना कमेटी के अध्यक्ष दयाराम पाल की सहमति से घर के पीछे से गुजर रही करीब 50 फीट सिंचाई नहर पर लोहे के बड़े पल्ले लगाकर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विरोध कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों के अनुसार नहर पर अतिक्रमण की शिकायत पहले ही एसडीएम अपर्णा ढोडियाल और तहसीलदार बिरम सिंह से की जा चुकी है तथा जांच पूरी होने तक निर्माण न करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नहर पर निर्माण की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
किसान सरबजीत ने कहा कि एक घर को केवल एक पुलिया दी जानी चाहिए और इसके बाद दूसरी पुलिया नहीं बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई नहर पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह ने कहा कि नहर सार्वजनिक उपयोग के लिए है और उस पर निर्माण कर रास्ते अथवा पानी के प्रवाह को बाधित करना ग्रामीणों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने जांच पूरी होने तक निर्माण पर रोक सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान मानसिंह, हरपाल सिंह, सुशील अग्रवाल, सौरव पाल, सतपाल सहित ग्रामीण और जल योजना कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।



