ऋषिकेश में 181 करोड़ की विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
त्रिवेणी घाट नवीनीकरण, आस्था पथ सौंदर्यीकरण और चंद्रभागा पुल निर्माण की महापौर ने की समीक्षा

ऋषिकेश।
नगर निगम कार्यालय में महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में शहर की तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 115 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, 33 करोड़ रुपये के आस्था पथ सौंदर्यीकरण तथा 33.43 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण की कार्ययोजना और प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने परियोजनाओं से संबंधित आगामी कार्यों और निर्माण के विभिन्न चरणों की जानकारी महापौर के समक्ष रखी।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि तीनों परियोजनाएं ऋषिकेश के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने और निर्माण के दौरान आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने परियोजनाओं की आगामी कार्ययोजना और कार्यों को गति देने के लिए विभागीय समन्वय की जानकारी दी। महापौर ने सभी संबंधित विभागों एवं तकनीकी टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एसके सिंह, हरीश बिष्ट, दीपक, एसके सिंघल, हरिदर्शन रावत, आशीष भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



