डोईवाला को 3.53 करोड़ की विकास सौगात, गांव-शहर के आंतरिक मार्ग होंगे सुदृढ़
इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्यों को मिली वित्तीय स्वीकृति, कई ग्राम पंचायतों व कॉलोनियों में सुधरेगी सड़क व्यवस्था


डोईवाला।
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में सड़क विकास को नई गति मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने विभिन्न आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्यों के लिए 3 करोड़ 53 लाख 41 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे लंबे समय से प्रस्तावित कई सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। स्वीकृत कार्यों में ग्राम पंचायत कोटी मयचक (चक चौभा एवं कल्लूवाला), रानीपोखरी (नागाघेर एवं शांतिनगर), रामनगर डांडा (मिढावाला) सहित सरस्वती पुरम लेन नंबर-4, शिव शक्ति एन्क्लेव, नथुवावाला, ढाग, नंदा कॉलोनी फेज-1 तथा बद्रीश कॉलोनी वार्ड-100 के आंतरिक मार्गों का निर्माण शामिल है।
इन विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 87 लाख 3 हजार रुपये तथा 1 करोड़ 66 लाख 38 हजार रुपये की दो अलग-अलग परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा, सुगम आवागमन और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे गांव और शहर दोनों क्षेत्रों के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने वित्तीय स्वीकृति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार डोईवाला के संतुलित एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



