Blog

ब्रेक फेल होने से पेड़ से टकराया ट्रक, केबिन में फंसे परिचालक का सकुशल रेस्क्यू

थानों चौक के पास हादसा, हाइड्रोलिक उपकरणों से निकाला गया घायल; चालक समेत दोनों अस्पताल में भर्ती

डोईवाला।

रानीपोखरी थाना क्षेत्र में भुइया मंदिर और थानों चौक के बीच गुरुवार को ब्रेक फेल होने के कारण एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से टकरा गया। हादसे में ट्रक का परिचालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जबकि चालक को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही रानीपोखरी थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मुख्य आरक्षी उमेश भट्ट के नेतृत्व में पहुंची रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक जैक और अन्य आधुनिक उपकरणों की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को सावधानीपूर्वक काटकर परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में चालक गोपाल सिंह (35) और परिचालक प्रभात महतो (32), दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। समय रहते रेस्क्यू टीम की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!