महाविद्यालय में रोजगार प्रयाग पोर्टल की दी जानकारी, विद्यार्थियों को करियर और कौशल विकास के लिए किया प्रेरित
माइक्रोसेव कंसल्टिंग कंपनी के विशेषज्ञों ने रोजगार, डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रशिक्षण के अवसरों पर किया मार्गदर्शन


डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में माइक्रोसेव कंसल्टिंग कंपनी द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने रोजगार प्रयाग पोर्टल की उपयोगिता, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। कौशल विकास विशेषज्ञ रवि चंद्रा ने विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर अपने कौशल को विकसित करने और रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने करियर और रोजगार से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगीता बहुगुणा ने कंपनी के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से रोजगार संबंधी योजनाओं एवं पोर्टल का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी दक्षता और कौशल विकास ही बेहतर रोजगार का आधार बन रहे हैं।
कार्यक्रम में करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. पूनम रावत, डॉ. सुदीप्ता कंडारी, डॉ. चंद्रकला नेगी, अमित नेगी सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



