Blog

‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को मिली गति

आरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने डीएम विशाल मिश्रा को भेंट कीं आठ प्रेरणादायक पुस्तकें

रुद्रप्रयाग।

ज्ञान के प्रसार और युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर चलाए जा रहे ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को संभागीय परिवहन अधिकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी को आठ प्रेरणादायक एवं उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं। ये पुस्तकें कलेक्टरेट स्थित पुस्तकालय में रखी जाएंगी, जिससे अधिकारी, कर्मचारी और आमजन भी इनका लाभ उठा सकेंगे।

आरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पुस्तकें किसी भी समाज की प्रगति और विचारों के विस्तार की मजबूत नींव होती हैं। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पुस्तक दान के लिए प्रेरित कर ज्ञान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पुस्तक दान करे तो जिले में ज्ञान का एक समृद्ध पुस्तकालय तैयार किया जा सकता है, जिसका लाभ लंबे समय तक विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को मिलेगा।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अभियान में सहयोग के लिए आरटीओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भेंट की गई पुस्तकें व्यक्तित्व विकास, वित्तीय समझ और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने में उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं एवं आमजन से भी अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पुस्तकें दान करने की अपील की। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!