Blog

बारिश में भी नहीं थमा सेवा का संकल्प

कांवड़ मेला-2026 में पालिका टीम ने संभाली स्वच्छता की कमान, प्रमुख घाटों व यात्रा मार्गों पर चला विशेष सफाई अभियान

मुनिकीरेती।

कांवड़ मेला-2026 के दौरान लगातार हो रही बारिश के बावजूद नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की स्वच्छता व्यवस्था पूरी मुस्तैदी के साथ जारी है। प्रतिकूल मौसम में भी पालिका के पर्यावरण पर्यवेक्षक एवं पर्यावरण मित्र रेनकोट और छातों के सहारे अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर सोमवार को जानकी सेतु, पूर्णानंद घाट, ओमकारानंद घाट, आस्था पथ और शत्रुघ्न घाट सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने विभिन्न कांवड़ यात्रा क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने पर्यावरण पर्यवेक्षकों एवं पर्यावरण मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घाटों, यात्रा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश के बीच भी सफाईकर्मी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे, ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पालिका टीम द्वारा नियमित सफाई, कूड़ा उठान और यात्रा मार्गों की निगरानी जारी रखी गई। पालिका प्रशासन ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला का स्पष्ट संदेश है कि “मौसम कोई भी हो, स्वच्छता और सेवा का संकल्प नहीं रुकेगा।”

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!