रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ प्रथम हटवाल गांव महोत्सव


थत्यूड़/सकलाना।
जौनपुर ब्लॉक के सकलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटवाल गांव में आयोजित प्रथम हटवाल गांव महोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं रीलें दौड़ के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग संजय नेगी, श्रीमती सरिता रावत, बिजेंद्र सिंह भगत, मंदिर समिति अध्यक्ष हुकम सिंह हटवाल एवं ग्राम प्रधान करिश्मा देवी ने किया।
रीलें दौड़ की अंडर-10 श्रेणी में वरुण प्रथम, अंकुश द्वितीय और ऋषभ तृतीय रहे। अंडर-14 में प्रियाशी प्रथम, दिव्या द्वितीय और पावनी तृतीय तथा अंडर-17 में आरूषी प्रथम, कोमल द्वितीय और सपना तृतीय स्थान पर रहीं। स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अंजली हटवाल तथा हाईस्कूल में ग्राम स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर आंचल को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि संजय नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांव की संस्कृति और सभ्यता को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम अध्यक्ष ग्राम प्रधान करिश्मा देवी ने कहा कि इस तरह के आयोजन समय-समय पर होने चाहिए, जिससे छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच मिल सके। कार्यक्रम संयोजक अनिल हटवाल ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य गांव की संस्कृति, भाषा और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। भविष्य में इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर कमलेश सकलानी, दिनेश उनियाल, राजू नेगी, शूरवीर सिंह, सचिन हटवाल, बचन हटवाल, गुलाब सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, मातृशक्ति एवं युवा मौजूद रहे।



